लखनऊ। आशियाना के स्मृति उपवन में माँ गायत्री जन सेवा संस्थान एवं नीशू वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित हिंदुस्तान हस्तशिल्प महोत्सव में शनिवार को सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी दिलीप सिंह (अमेठी) और अध्यक्ष निधान सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि ओपी सिंह, आयोजक अरुण प्रताप सिंह, रणवीर सिंह, गुंजन वर्मा और हेमू चौरसिया ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम में एनी डाउट एंटरटेनमेंट लखनऊ टैलेंट सीजन–2 का आयोजन हुआ, जिसमें नृत्य, गायन और मॉडलिंग की त्रिवेणी ने दर्शकों का मन मोह लिया। संयोजन आदित्य अग्रवाल ने किया, सह संयोजन राजन गुप्ता और निर्देशन स्वाति शर्मा ने संभाला। फैशन मॉडल जज के रूप में ओम दीप मोतियानी और मिसेज लखनऊ 2025 रश्मी सिंह ने निर्णायक भूमिका निभाई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नृत्यांजलि ग्रुप की कथक प्रशिक्षिका रजनी वर्मा और उनकी शिष्यों ने कथक–लोक फ्यूजन, कजरी, घूमर और होली नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। कजरी नृत्य, सावन के महीने की लोकप्रिय लोक शैली, ने विशेष आकर्षण बटोरा। क्लासिकल रॉकर्स ग्रुप ने भी शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियां दीं।

गायन में शुभम गौतम ग्रुप और हरदोई से आए मोहम्मद उस्मान सिद्दीकी, अभिनव पांडेय और अभिषेक द्विवेदी ने अपनी सुमधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। मंच संचालन प्रदीप शुक्ला ने किया। महोत्सव समिति के रोली सिंह चौहान, मोनालिसा, मनोज सिंह चौहान, रोली जयसवाल आदि उपस्थित रहे।