नगर निगम की पॉलिथीन कार्रवाई को व्यापारियों ने बताया अवैध वसूली, सरोजनीनगर में आपात बैठक

लखनऊ। सरोजनीनगर स्थित उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को संगठन पदाधिकारियों की आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे पॉलिथीन पकड़ने के अभियान को लेकर कड़ा विरोध दर्ज किया गया। व्यापारियों का आरोप है कि यह अभियान पॉलिथीन प्रतिबंध की आड़ में अवैध वसूली का माध्यम बन गया हैं।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष  ओम प्रकाश शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति के तहत पॉलिथीन प्रतिबंध लागू होना चाहिए, लेकिन इसकी आड़ में व्यापारियों को डराया-धमकाया जाना और अवैध रूप से वसूली करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम टीम बिना पूर्व सूचना के दुकानों पर छापेमारी कर रही है, और कार्रवाई के नाम पर अनियमित वसूली की जा रही है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक के दौरान ही नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात कर आपत्ति दर्ज कराई।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जब तक नगर निगम, एसीपी कृष्णा नगर, थाना प्रभारी सरोजनीनगर और एसडीएम सरोजनीनगर के साथ संयुक्त बैठक नहीं होती, तब तक किसी भी व्यापारी पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि छापेमारी और वसूली का क्रम जारी रहा तो व्यापारी खुलकर विरोध करेंगे।

संगठन ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए सक्षम अधिकारी व्यापार मंडल के साथ बैठकर एक स्पष्ट और व्यवहारिक रणनीति तैयार करें, जिसमें व्यापारी पूर्ण सहयोग देंगे।

बैठक में प्रदेश महामंत्री दिलीप द्विवेदी, विधानसभा प्रभारी जितेंद्र कुमार हजेला, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी हेमलता सिंह, संगठन मंत्री प्रेमलता श्रीवास्तव, नादरगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह, सोमेश यादव, केशव साहू, सचिन साहू, आशीष यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

One thought on “नगर निगम की पॉलिथीन कार्रवाई को व्यापारियों ने बताया अवैध वसूली, सरोजनीनगर में आपात बैठक

Comments are closed.