सरोजनीनगर में 8 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़: पुलिस ने 40 घंटे में दाखिल की चार्जशीट

लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में एक 8 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना के मात्र 40 घंटे के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोपी स्कूल वैन चालक सुनीत कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

यह मामला 1 दिसंबर को सामने आया, जब सरोजनीनगर निवासी एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसकी 8 वर्षीय बेटी, जो कक्षा 3 की छात्रा है, के साथ स्कूल वैन का चालक सुनीत कुमार सिंह पिछले एक सप्ताह से गलत हरकतें कर रहा था। सुनीत कुमार सिंह गंगानगर, अमौसी का निवासी है।

बच्ची ने डर और शर्म के कारण घटना की जानकारी घर में देर से दी। जानकारी मिलते ही पीड़ित बच्ची की मां ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही सरोजनीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर उपनिरीक्षक अंकित कुमार को जांच सौंपी।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। 180 एवं 183 बीएनएसएस के तहत बयान दर्ज किए गए और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी सुनीत कुमार सिंह को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया।

एसीपी ने बताया कि विवेचक ने लगातार कार्रवाई करते हुए महज 40 घंटे में पूरी जांच (विवेचना) संपन्न कर आरोप पत्र तैयार किया। यह आरोप पत्र माननीय न्यायालय को प्रेषित कर दिया गया है। नाबालिग से संबंधित इस संवेदनशील मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।