लखनऊ। अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाईलैंड से लौट रहे तीन भारतीय यात्रियों से लगभग 12.7 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 13 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीआरआई को पहले से सूचना मिली थी कि बैंकाक से आने वाली एयर एशिया फ्लाइट FD-146 पर कुछ यात्री अवैध मादक पदार्थ लाएंगे। सूचना के आधार पर एयरपोर्ट पर तैनात अधिकारियों ने एक पुरुष और दो महिला यात्रियों को संदिग्ध मानकर रोक लिया। उनकी जांच में बैग से वैक्यूम सील पैकेट बरामद हुए, जिनमें भरा हरा पदार्थ फील्ड टेस्ट में गांजा पाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि यह हाइड्रोपोनिक गांजा विशेष तकनीक से उगाया गया है, जिसमें पौधों को पोषक तत्वों वाले पानी और नियंत्रित वातावरण में विकसित किया जाता है। इसे सामान्य गांजे से अधिक प्रभावशाली माना जाता है और अवैध बाजार में इसकी कीमत भी कई गुना अधिक होती है।
तीनों आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और यह जांच भी की जा रही है कि क्या वे किसी बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़े हैं। पिछले छह महीनों में लखनऊ एयरपोर्ट से 75 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत 70 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।