लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी समेत घरेलू सामान चोरी कर ले गए। वारदात का पता मकान मालिक के घर पहुंचने पर चला। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी ने जांच की। मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने शनिवार शाम एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पीछे के गेट का ताला टूटा मिला
हरिकंशगढ़ी निवासी विनोद कुमार जनपद एवं सत्र न्यायालय में वरिष्ठ सहायक हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका मकान भवन संख्या 591 एचजी हरिकंशगढ़ी, मोहनलालगंज में स्थित है। 2 जुलाई को वह अपने घर पहुंचे तो पीछे के गेट का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला और कई सामान गायब थे। विनोद ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पीआरवी मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया।
टीवी से लेकर गैस सिलेंडर और तार तक चोरी
पीड़ित के अनुसार चोर घर से एक इंडक्शन चूल्हा, दो गैस सिलेंडर, एलजी कंपनी की एलईडी टीवी, 12 टोंटियां, 11 एलईडी लाइट, तीन पंखे और तीन कुर्सियां चोरी कर ले गए।
कमरे में रखी अलमारी से करीब तीन हजार रुपये नकद और कपड़े भी गायब मिले। इसके अलावा आरआर कंपनी के तार के दो बंडल भी चोर ले गए।
आसपास रहने वाले लोगों पर जताई आशंका
विनोद ने पुलिस को बताया कि उनके मकान से कुछ दूरी पर श्याम सिंह ने कुछ लोगों को किराये पर रखा है। आसपास के दूसरे मकानों में भी कई लोग किराये पर रहते हैं। पीड़ित ने आशंका जताई है कि इन्हीं में से किसी व्यक्ति द्वारा उनके मकान और आसपास के कुछ अन्य मकानों में चोरी की गई हो सकती है।
एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश
मोहनलालगंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर शनिवार शाम मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब चोरी की घटना से जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।