लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के खुजौली गांव में गुरुवार दोपहर 32 वर्षीय विवाहिता गुड़िया का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतका के पति छोटू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं, मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतका के मायके पक्ष ने पति छोटू और उसके बड़े भाई पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटे ऋषि और सृष्टि को छोड़ गई है।
मृतका के भाई हिमांशु का आरोप है कि छोटू पिछले तीन महीनों से उसकी बहन के साथ लगातार मारपीट करता था। उसके अनुसार बुधवार को भी बहन के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर वह घर पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। हिमांशु का कहना है कि इसकी शिकायत चौकी पुलिस से की गई थी, लेकिन कार्रवाई के बजाय समझौता करा दिया गया। आरोप है कि इसके बाद पति और जेठ गुड़िया को घर ले गए और उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गए। पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाते समय परिजनों ने विरोध भी जताया। पुलिस के काफी समझाने के बाद जब शव वाहन रवाना हुआ तो मुख्य सड़क पर कुछ परिजनों ने वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया महिला द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी, लेकिन परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पति को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।