लखनऊ। विद्युत संविदा मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश के प्रभारी पुनीत राय ने गुरुवार को ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात कर ऊर्जा निगमों में स्थानांतरण के लिए “जीरो ट्रांसफर सेशन” लागू किए जाने की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने ऊर्जा मंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा।
पुनीत राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर किए गए आह्वान के अनुरूप ऊर्जा निगमों में अनावश्यक स्थानांतरण पर रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल विशेष परिस्थितियों, जैसे स्वयं के अनुरोध, गंभीर बीमारी अथवा अत्यावश्यक स्थिति में ही कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाए।
उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक और आर्थिक खर्च में कमी आएगी तथा ऊर्जा संरक्षण के उद्देश्य को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित आउटसोर्सिंग निगम में ऊर्जा निगमों में कार्यरत करीब 78 हजार संविदा कर्मचारियों को शामिल किए जाने की मांग भी रखी।
ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने आश्वासन दिया कि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा संविदा कर्मचारियों को नियमानुसार शामिल किए जाने के लिए सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।