लखनऊ। लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में रविवार सुबह एक महिला का शव छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक भैरमपुर निवासी प्रिंसी वर्मा (36) पत्नी आनंद कुमार वर्मा ने साड़ी के सहारे छत में लगे हुक से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि शनिवार रात बेटी की पढ़ाई को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद महिला नाराज होकर छत पर चली गई थी।
सुबह काफी देर तक नीचे न आने पर पति छत पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पड़ोसी युवक ने दूसरी छत से जाकर दरवाजा खोला। अंदर कमरे में महिला का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसकी तीन साल की एक बेटी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।