सर्विस कराने पहुंचा युवक, एक्टिवा से निकले दो सांप, मची अफरा-तफरी

लखनऊ संवाददाता ।  पीजीआई थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक की एक्टिवा स्कूटर में दो सांप घुसे होने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना उस समय सामने आई जब युवक अपनी गाड़ी सर्विस कराने के लिए मवैया स्थित होंडा सर्विस सेंटर पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, शिवम नामक युवक अपनी एक्टिवा (UP 32 RQ 0660) को नियमित सर्विस के लिए सर्विस सेंटर लेकर गया था। सर्विस के दौरान जब कर्मचारियों ने वाहन की जांच शुरू की, तो उन्हें गाड़ी के अंदर सांप होने की आशंका हुई। शक गहराने पर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत काम रोक दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सर्विस सेंटर ने गाड़ी को सर्विस करने से इनकार कर दिया और युवक को साफ तौर पर कहा कि पहले गाड़ी में मौजूद सांपों को बाहर निकलवाया जाए, तभी आगे की प्रक्रिया की जाएगी। यह सुनकर युवक घबरा गया और मौके पर मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई।

इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद एक्टिवा में छिपे दोनों सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

घटना के बाद इलाके में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक खड़ी रहने वाली गाड़ियों में इस तरह के जीव-जंतु छिप सकते हैं, इसलिए समय-समय पर वाहनों की जांच करना जरूरी है।

स्थानीय लोगों ने भी इस घटना के बाद सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।