लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में घर के बाहर से चोरी हुई विक्रम टैक्सी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया वाहन बरामद कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार औरंगाबाद जागीर निवासी महिला रुबीना कुरैशी ने 27 जनवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ी विक्रम टैक्सी (वाहन संख्या UP 32 SN 5939) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बुधवार शाम करीब 8:15 बजे पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात को अंजाम देने वाला युवक थाना क्षेत्र के रसूलपुर इठुरिया मार्ग पर प्रधानमंत्री आवास योजना गेट नंबर-2 के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद इसराइल, निवासी कटरा मोहल्ला, बिजनौर कस्बा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई विक्रम टैक्सी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को उसे जेल भेज दिया।