लखनऊ में विशाल तिरंगा यात्रा, युवाओं और समाजसेवियों ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश

लखनऊ।  गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को लखनऊ की सड़कों पर राष्ट्रप्रेम का अद्भुत और ऐतिहासिक नज़ारा देखने को मिला। सुल्तानपुर रोड देशभक्ति के रंग में रंग उठा, जब दोपहर 1 बजे से निकली विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों देशभक्त नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर एकता, अखंडता और राष्ट्रगौरव का संदेश दिया।
यह भव्य तिरंगा यात्रा सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित JND खेल मैदान, G7 चौकी, हसनपुर खेवली (अंसल API) से प्रारंभ होकर सुल्तानपुर रोड, HCL तिराहा होते हुए पटेल पार्क, गोसाईगंज पहुँची, जहाँ पूरे सम्मान और गरिमा के साथ यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के आयोजक एवं समाजसेवी सूरज प्रधान ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियाँ पिछले दो महीनों से लगातार की जा रही थीं। उन्होंने कहा कि इस तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों के साथ-साथ युवा वर्ग, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ शामिल हुए।

यात्रा के दौरान जब-जब तिरंगा लहराया, तब-तब “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। पूरा इलाका देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाना रहा।
इस भव्य आयोजन में राम सिंह प्रधान, राजेश वर्मा, केशव प्रसाद (वार्ड पार्षद), अजय पांडेय, सत्यम (चेयरमैन प्रतिनिधि), विनय वर्मा, डिंपल (ब्लॉक प्रमुख), एडवोकेट रमा शंकर भीम, दुर्गेश आंबेडकर, कमल किशोर, सर्वेश प्रधान, विश्राम राज पासी, पवन वर्मा, सुरेंद्र यादव, अमित रावत, निखिलेश रावत एवं विकास रावत सहित बड़ी संख्या में सम्मानित लोग उपस्थित रहे।