लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के खुजौली गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 20 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह युवक का शव घर के पीछे पेड़ से लटका मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता श्रवण रावत के अनुसार, उनका बेटा आलोक रावत (20 वर्ष) गुरुवार देर रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। शुक्रवार सुबह जब परिजन जागे तो उन्होंने घर के पीछे पेड़ पर रस्सी के सहारे आलोक का शव लटका देखा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में मां, दो भाई और एक बहन हैं।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अत्यधिक शराब पीने का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि इसी लत से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया होगा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।