निगोहां का शातिर अपराधी जिलाबदर: हत्या-लूट के आरोपी सूरज रावत को 6 महीने के लिए जिले से बाहर किया गया

लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को छह माह के लिए जिलाबदर कर दिया है। यूपी गुंडा एक्ट के तहत मस्तीपुर गांव निवासी सूरज रावत को गुंडा घोषित किया गया है।

थाना प्रभारी निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि बीते बुधवार को जेसीपी कानून एवं व्यवस्था न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद सूरज रावत को छह माह के लिए जिलाबदर किया गया। आरोपी पर हत्या और लूट सहित गंभीर धाराओं में कुल तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम ने शुक्रवार को जिलाबदर किए गए शातिर अपराधी के घर पहुंचकर नोटिस चस्पा किया और आदेश का पालन सुनिश्चित किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।