हर फरियादी को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर फरियादी को न्याय दिलाया जाएगा।

सोमवार को लखनऊ स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समय पर, प्रभावी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांग और युवा शामिल हुए। फरियादियों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जा, राजस्व मामलों, पेंशन, आवास, चिकित्सा सहायता, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याएं रखीं।

उपमुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भूमि विवाद और उत्पीड़न से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

 मौर्य ने कहा कि जनता दर्शन शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इससे सरकार को जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति का पता चलता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक मामलों में मौके पर जाकर जांच की जाए और पीड़ित को शीघ्र राहत दी जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले। महिलाओं, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और कमजोर वर्ग के लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है।

भूमि से जुड़े मामलों में उपमुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजी जाए और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।