लखनऊ। शिवभक्त संत नन्दनार जी की जयंती के पावन अवसर पर सोमवार को थाना मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित पाण्डेय कॉम्प्लेक्स में भव्य संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन बाबू जगजीवन राम नेशनल फाउंडेशन (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित) तथा हंस मानव जनकल्याण एवं कम्प्यूटर शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय रियल एस्टेट विकास परिषद उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी डॉ. अजय पाण्डेय “सत्यम” तथा संकल्प सेवा संस्थान के प्रबंधक नवीन प्रकाश द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। संस्था के प्रबंधक रवि प्रसाद ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि डॉ. अजय पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि संत नन्दनार जी का जीवन त्याग, तपस्या और शिवभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श आज के समाज में सामाजिक समरसता, समानता और अध्यात्म का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
आयोजित विचार संगोष्ठी के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भजन, सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने किया।
समापन अवसर पर कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और आभार व्यक्त करते हुए समारोह का समापन किया गया।
